संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मानकपुर औद्योगिक क्षेत्र में फैक्टरी में यूरिया खाद की तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। इस मामले में कृषि विभाग के गुणवत्ता नियंत्रक बलबीर सिंह की मिलीभगत भी सामने आई है। वहीं, मामले को दबाने में कुछ यूट्यूबर भी शामिल हैं।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब सदर थाना पुलिस ने मानकपुर औद्योगिक क्षेत्र से यूरिया खाद से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पकड़ी। पुलिस ने इस मामले में खाद तस्कर गांव भाटली निवासी सुमित को गिरफ्तार किया है। मामले में सदर थाना पुलिस ने कृषि विभाग के गुणवत्ता नियंत्रक बलबीर सिंह को भी नामजद करते हुए कुछ अन्य पर केस दर्ज किया है। आरोपी सुमित पर पहले भी खाद तस्करी के कई केस दर्ज हैं। जिनमें वह जमानत पर चल रहा है। सदर थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है।
जांच में सामने आया है कि सुमित ने एक अन्य खाद तस्कर का पांच फरवरी को मानकपुर में कुछ यूट्यूबरों के साथ मिलकर फैक्टरी में जाते समय कृषि यूरिया के 150 बैग से भरी ट्रैक्टर ट्राली को पकड़ा था। पुलिस ने उसे कब्जे में ले लिया था। इसे छुड़ाने के लिए सुमित ने अपनी एसके फर्म के बिल नियंत्रक बलबीर सिंह को दिए और बलबीर सिंह ने उस आधार पर रिपोर्ट बनाकर पुलिस को सौंप दी। पुलिस ने जब जांच की तो पूरा फर्जीवाड़ा सामने आया। एक ट्रैक्टर चालक के भी फर्जी बयान पुलिस को लिखकर सौंप दिए कि जब ट्रैक्टर पकड़ा गया तो वह चला रहा था जबकि ट्रैक्टर कोई और चला रहा था।
बुलाने पर भी नहीं आए थे कृषि विभाग के अधिकारी
थाना सदर जगाधरी के एएसआई उधम सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि पांच फरवरी को उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ लोगों ने मानकपुर औद्योगिक क्षेत्र में एक प्लाईवुड फैक्टरी के पास यूरिया खाद से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पकड़ी हुई है। इस सूचना पर वह उप निरीक्षक ओमप्रकाश व अन्य कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि कुछ लोग खाद से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली के पास खड़े थे जबकि चालक मौके से गायब था। जांच करने पर ट्रैक्टर ट्रॉली में 150 बैग यूरिया खाद के थे। उप निरीक्षक ओमप्रकाश ने कृषि विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर मौके पर बुलाया, लेकिन कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। अधिकारियों के न पहुंचने पर वे ट्रैक्टर ट्रॉली को थाने में लेकर आ गए। पुलिस ने इसकी रपट लिख दी।
अगले दिन कृषि विभाग के नियंत्रण निरीक्षक बलबीर सिंह थाने में पहुंचे। उन्होंने ट्रैक्टर चालक चालक के बयान और अपनी रिपोर्ट पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस जांच करने के लिए मानकपुर पहुंची। जांच में पता चला कि कृषि विभाग के गुणवत्ता नियंत्रक बलबीर सिंह, कुछ यू ट्यूबरों और फैक्टरी मालिक से मिले हुए थे। इसके लिए फर्जी बिल व दस्तावेज तैयार किए गए। आरोप है कि निरीक्षक बलबीर ने फर्जी बिल और फर्जी ट्रैक्टर चालक के बयान लेकर फर्जी रिपोर्ट बनाई। इस शिकायत पर पुलिस ने आरोपी बलबीर को नामजद करते हुए कुछ अन्य पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
उधर, गुण नियंत्रक की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर चालक गांव झींवरेहड़ी निवासी महिंद्रपाल से पूछताछ की। उसने बताया कि वह नगर निगम में ट्रैक्टर चालक है। ड्यूटी के बाद वह प्राइवेट काम के लिए ट्रैक्टर चला लेता है। छह फरवरी को उसके पास मानकपुर में ग्लू फैक्टरी संचालक अनेश गर्ग का फोन आया था कि सदर जगाधरी थाने में खड़ा ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर आना है। वह मानकपुर पहुंचा जहां उसे अनेश मिला था। वहीं दुसानी निवासी धर्मेंद्र भी मिला था। उसने उसे एक बिल दिया। इस दौरान वहां पर कृषि विभाग के कर्मचारी भी थे। उसके झूठे बयान लेकर उन पर साइन करा लिए जबकि पांच फरवरी को जब ट्रैक्टर ट्रॉली पकड़ा गया उस समय वह उस पर चालक नहीं था। उस पर गांव बरेली निवासी मुस्तफा खान चालक था जबकि बयान उसके ले लिए। चालक ने यह भी बताया कि यह खाद कृषि खाद था और फैक्ट्री मालिक ने 150 बैग किसान ट्रेडिंग कंपनी चुन्ना भट्टी से मंगवाए थे। उस खाद को छुड़ाने के लिए सुमित ने एसके कंपनी का फर्जी बिल दिया।
यूरिया खाद तस्करों से कृषि विभाग के अधिकारी की मिलीभगत की सूचना मिली थी। इस पर जांच की तो पूरा फर्जीवाड़ा सामने आया है। इस मामले में कृषि विभाग के गुणवत्ता नियंत्रक बलबीर सिंह व अन्य पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। वहीं खाद के फर्जी बिल देने पर खाद सप्लायर सुमित को गिरफ्तार किया है। उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। इस मामले में जुड़े हर व्यक्ति को पुलिस गिरफ्तार करेगी। - गंगाराम पूनिया, एसपी यमुनानगर।