संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। संत नामदेव चौक के पास वीरवार शाम हुए सड़क हादसे में घायल 14 वर्षीय कपिल ने भी दम तोड़ दिया। मिट्टी से भरे डंपर की चपेट में आने से घायल हुए कपिल को पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
हादसे में इससे पहले कपिल के चाचा डेहा बस्ती निवासी 20 वर्षीय सुमित की मौके पर ही मौत हो गई थी। शुक्रवार को पुलिस ने दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। हादसे के बाद डेहा बस्ती में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार वीरवार को मिट्टी से भरा तेज रफ्तार डंपर संत नामदेव चौक के पास पहुंचा था। इसी दौरान बाइक पर सवार सुमित और उसका 14 वर्षीय भतीजा कपिल डंपर की चपेट में आ गए। हादसे में डंपर के पहिए के नीचे आने से सुमित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कपिल घायल हो गया था।
पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस चालक की तलाश में जुटी है। हादसे के बाद लोगों ने क्षेत्र में डंपरों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की है।
सुमित। फाइल फोटो