संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले में मंगलवार रात मौसम ने अचानक करवट ले ली। रात को अचानक हल्की बूंदाबांदी होने लगी। बूंदाबांदी के बाद से ठंड में पहले से हल्की बढ़ोतरी हुई है। बुधवार को भी दिनभर ऐसा ही चलता रहा। धूप तो निकली लेकिन बेअसर रही। बीच-बीच में बादल भी उमड़ कर आते रहे। मौसम विभाग के अनुसार तीन दिन बाद न्यूनतम तापमान घट कर 11 डिग्री पर आ सकता है। इससे ठंड में बढ़ोतरी हो सकती है।
वहीं बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 29 डिग्री व न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार रात को मौसम पूरी तरह से साफ था। परंतु अचानक हवा चली और जगाधरी व यमुनानगर शहरी क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी होने लगी। इसके आधा घंटा बाद व्यासपुर व कपालमोचन क्षेत्र में बूंदाबांदी हुई। हवाएं चलने से आधी रात के बाद ठंड अचानक बढ़ गई।
जैसे ही रात को बूंदाबांदी शुरू हुई तो कपालमोचन मेला में सामान बेचने वाले दुकानदारों ने अपना सामान समेटना शुरू कर दिया। दुकानदारों ने अपना जितना सामान बाहर रखा या लटकाया हुआ था उसे उतारने लगे। वहीं ज्यादातर दुकादारों ने टैंट लगा रखा था जिसमें बारिश का पानी रूक नहीं सकता था। इसलिए वह टैंट के ऊपर तिरपाल या पॉलिथीन डालने लगे। दुकानदारों को अपना सामान खराब होने का खतरा सता रहा था।
मेले में कंट्रोल रूम करना पड़ा शिफ्ट
बूंदाबांदी शुरू होते ही मेला क्षेत्र में बनाए गए प्रशासनिक खंड में भी हलचल बढ़ गई। क्योंकि मेला क्षेत्र में जो 100 से ज्यादा सीसीटीवी लगाए गए थे उनका कंट्रोल रूम प्रशासनिक खंड में ही बनाया गया था। मेला क्षेत्र में निगरानी रखने के लिए कई बड़ी एलईडी टैंट के नीचे ही रखी थी। बारिश होने पर इन्हें नुकसान हो सकता था। इसलिए एलईडी व अन्य बिजली उपकरणों को उठाकर अधिकारियों के ठहराव के लिए बनाए गए वाटरप्रूफ टेंट में शिफ्ट किया गया। इसी तरह फर्नीचर आदि को भी ऐसे ही यहां वहां शिफ्ट किया गया।