संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। क्षेत्र में शनिवार देर रात साढौरा-कालाआम्ब मार्ग पर असगरपुर कराल घाट के पास तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी ऑल्टो कार को टक्कर मार दी। ट्रक कार को घसीटते हुए चाय की दुकान के मुख्य द्वार तक ले गया और वहां टक्कर मार दी। हादसे में काक्षतिग्रस्त हो गई। वहीं दुकान के सामने बना शैड, चाय काउंटर, टेबल और कुर्सियां भी टूट गईं।
हादसे के समय दुकान के आसपास करीब 20 लोग मौजूद थे। ट्रक को बेकाबू आते देख सभी ने इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाई। हरियाणा नंबर का ट्रक कालाआम्ब की तरफ से साढौरा की ओर आ रहा था। ट्रक उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ निवासी भीम सिंह चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक की हालत ऐसी थी कि वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। कराल घाट पर एक लाइन में तीन दुकानें बनी हैं। इनमें बीच वाली दुकान खान डेयर के नाम से चाय की दुकान है। दुकान के बाहर बैठे गांव नानड़ी निवासी अलियास ने बताया कि वह अन्य लोगों के साथ चाय पी रहा था।
इसी दौरान कालाआम्ब की तरफ से ट्रक आया और दुकान के सामने खड़ी ऑल्टो कार को टक्कर मार दी।टक्कर के बाद ट्रक कार को घसीटते हुए दुकान के दरवाजे तक ले गया। दुकानदार के अनुसार हादसे के समय तीनों दुकानों के आसपास करीब 20 लोग मौजूद थे।
ट्रक को बेकाबू देखकर सभी लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे। ट्रक की टक्कर से दुकानों के ऊपर लगा शेड, चाय काउंटर, टेबल और कुर्सियां क्षतिग्रस्त हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक ने ट्रक को आगे-पीछे करते हुए कई बार टक्कर मारी।
लोगों ने चालक को काबू कर पुलिस को दी सूचना
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने चालक को किसी तरह काबू किया और ट्रक को बंद करवाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर साढौरा डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने चालक को कब्जे में लेकर प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी साढौरा पहुंचाया। थाना साढौरा प्रभारी लखविंद्र सिंह ने बताया कि ट्रक चालक का हिमाचल प्रदेश पुलिस भी पीछा कर रही थी। उनके अनुसार चालक कालाआम्ब में कुछ लोगों को कुचलकर वहां से भाग रहा था। साढौरा में प्राथमिक उपचार के बाद आरोपी चालक को हिमाचल पुलिस के हवाले कर दिया गया। मामले में आगे की कार्रवाई हिमाचल पुलिस की ओर से की जा रही है।
कालाआम्ब मार्ग पर ट्रक की टक्कर के बाद मौके पर लगी लोगों की भीड़। ग्रामीण