यमुनानगर। काला कबाड़ी की प्राॅपर्टी ढहाने की कार्रवाई के दौरान अधिवक्ता सुमित मानी से अभद्रता करने और उसे हिरासत में लेने के मामले में आरोपी पुलिसकर्मियों को निलंबित कर केस दर्ज करने की मांग बार एसोसिएशन ने उठाई है। मांग पूरी न होने तक वर्क सस्पेंड रखने का निर्णय रखा गया है। बार एसोसिएशन ने अधिवक्ता से अभद्रता करने वाले रामपुरा पुलिस चौकी के प्रभारी एसआई प्रवीण कुमार और एएसआई जयपाल को निलंबित कर केस दर्ज करने की मांग की है।
मंगलवार को एसपी के साथ बार एसोसिएशन पदाधिकारी की बैठक हुई, लेकिन वहां से भी कोई हल नहीं निकल सका। बार एसोसिएशन के प्रधान अधिवक्ता अरूण ढांडा और महासचिव अभिषेक बांगड़ ने बताया कि सुमित मानी को अवैध हिरासत में रखा गया। उन्हें एक अपराधी की तरह से पीटा गया। यह गलत है।
जहां पर काला कबाड़ी प्रकरण काे लेकर पुलिस कार्रवाई कर रही थी। वहीं पर पड़ोस में अधिवक्ता का मकान है। पड़ोसी होने के नाते वह केवल वहां से निकल रहा था लेकिन उसके साथ पुलिस ने अभद्रता की। उन्हें जबरन गाड़ी में बिठाया गया। एसआई प्रवीण कुमार को केवल चौकी से हटाया गया है। यह कोई दंड नहीं है। जब तक पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं होती। तब तक वर्क सस्पैंड रहेगा। पूरे प्रदेश में बार एसोसिएशन से बात हो गई है। वहां पर भी वर्क सस्पेंड रखा जाएगा।