जगाधरी। ट्रेनों में भीड़ कम करने के लिए रेलवे ने दो समर स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं जिसमें से एक ट्रेन का संचालन अमृतसर से दरभंगा और दूसरी ट्रेन का संचालन सरहिंद से चलकर सहरसा स्टेशन तक किया जाएगा। यह गाड़ियां अपने गंतव्य से दोनों तरफ एक ही फेरा लगाएंगी। इसमें से सरहिंद-सहरसा ट्रेन का ठहराव यमुनानगर जगाधरी स्टेशन पर भी दिया गया है।
विदित हो कि गर्मी में स्कूल कॉलेज की छुट्टियों के कारण इन दिनों ट्रेनों में सीटों की मांग बढ़ गई है। इस कारण लोगों को कंफर्म सीट नहीं मिल पा रही है और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हर रूट की ट्रेन में लंबी वेटिंग चल रही है। वैसे तो हर साल इस सीजन में ट्रेनों में सीटों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में भीड़ नियंत्रित करने के लिए रेलवे अतिरिक्त गाड़ियों का संचालन करता है परंतु इस वर्ष शंभू रेलवे स्टेशन पर किसानों के प्रदर्शन के कारण नियमित गाड़ियों का शेड्यूल बिगड़ गया था।
समर ट्रेनों का संचालन 05575-76 और 05559-60 नंबर से किया जाएगा। इस दौरान गाड़ी संख्या 05575 का संचालन 12 जून को सहरसा से किया जाएगा। जो मानसी, खगड़िया, समस्तीपुर, दरभंगा, सीतामढ़ी, रक्सोल, नरकटियागंज, गोरखपुर, सीतापुर, मुरादाबाद, सहारनपुर, यमुनानगर जगाधरी, अंबाला से होते हुए सरहिंद पहुंचेगी। यह ट्रेन सहरसा से 12 जून को शाम साढ़े सात बजे चलेगी। यमुनानगर जगाधरी पहुंचने पर इसका समय अगले दिन रात को दस बजकर 10 मिनट होगा। यमुनानगर जगाधरी में इसे दो मिनट का ठहराव दिया गया है। जबकि सरहिंद से यह ट्रेन 14 जून को अलसुबह दो बजे रवाना होगी। यमुनानगर जगाधरी स्टेशन पर तड़के चार बजकर 28 मिनट पर पहुंचेगी। जबकि 15 जून को यह ट्रेन सुबह पौने दस बजे सहरसा पहुंचेगी।
इसी तरह अमृतसर से दरभंगा के बीच 05559-60 ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। दरभंगा से यह ट्रेन 13 जून को रात आठ बजकर 20 मिनट पर चलेगी। जो समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, छपरा, गोरखपुर, बस्ती गोंडा, सीतापुर, मुरादाबाद, गाजियाबाद, दिल्ली, अंबाला छावनी, लुधियाना, जालंधर सिटी से होते हुए अमृतसर 15 जून को देर रात एक बजकर 25 मिनट पर पहुंचेगी। यह ट्रेन यमुनानगर जगाधरी रूट से नहीं जाएगी। इसका लाभ लेने के लिए अंबाला जाना होगा। अंबाला पहुंचने का समय रात आठ बजकर 50 मिनट होगा। जबकि 15 जून को यह ट्रेन तड़के चार बजकर 25 मिनट पर अमृतसर से चलकर सुबह आठ बजकर 50 मिनट पर अंबाला पहुंचेगी। जबकि दरभंगा पहुंचने का समय 16 जून सुबह दस बजे रहेगा।
ट्रेनों में भीड़ नियंत्रित करने के लिए दो गाड़ियों का संचालन किया जा रहा है। यह ट्रेनें अप डाउन में दो फेरे लगाएंगी। इन गाड़ियों के संचालन से इस रूट पर जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा होगी। यात्रियों की भीड़ व जरूरत को लेकर रेलवे मंथन कर रहा है।
एनके झा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक।