सेक्टर 18-गोबिंदपुरी रोड़ पर दिनदहाड़े दो बदमाशों ने गन प्वाइंट पर मॉडल टाउन निवासी एडवोकेट गुलजारी लाल शर्मा ने कार लूट ली। वारदात के समय एडवोकेट सेक्टर-18 के पास स्थित स्प्रिंग फिल्ड स्कूल के नजदीक कार में बैठा पोते की छूट्टी होने का इंतजार कर रहा था।
सूचना मिलने के बाद शहर पुलिस ने घटना स्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। जांच अधिकारी देवेंद्र राणा का कहना है कि शहर की नाकाबंदी कर बदमाशों को काबू करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मॉडल टाउन निवासी एडवोकेट गुलजारी लाल शर्मा का पोता सेक्टर-18 के पास स्थित स्प्रिंग फिल्ड स्कूल में पहली कक्षा का छात्र है। रोजमर्रा की तरह एडवोकेट अपनी कार में सवार होकर पोते को स्कूल से लेने के लिए गया था। पुलिस के मुताबिक एडवोकेट पौते की छूट्टी से करीब आधा घंटा पहले ही स्कूल के बाहर पहुंच गया। दोपहर को 12 बजकर 40 मिनट पर एडवोकेट सेक्टर 18-गोबिंदपुरी मार्ग पर कार को खड़ा कर पोते की छूट्टी होने का इंतजार कर रहा था।
उसकी कार की खिड़की खुली हुई थी। इस दौरान दो बदमाश आए और उसकी कार में बैठ गए। उनमें से एक बदमाश एडवोकेट के साथ वाली सीट पर बैठा, जबकि दूसरा पीछे। पुलिस के मुताबिक कार में बैठते ही उन्होंने एडवोकेट की कनपटी पर पिस्तौल तान दी और कार की चाबी उनके हवाले करने के लिए कहा। साथ ही कार से नीचे उतरने की धमकी दी। एडवोकेट के कार से नीचे उतरते ही बदमाश गाड़ी लेकर फरार हो गए।
जब एडवोकेट ने शोर मचाया, तो वहां पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया और शहर की नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। सेक्टर-17 चौकी प्रभारी देवेंद्र राणा का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।