प्रतापनगर। जवाहर नवोदय विद्यालय चुहड़पुर में कक्षा छठी में दाखिले के लिए होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (जेएनवीएसटी) 2027 के प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। परीक्षा 28 नवंबर को करवाई जाएगी। जिले में 80 सीटों पर दाखिले के लिए अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। अब परीक्षा की तैयारियों के बीच नवोदय विद्यालय समिति की ओर से प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं।
जवाहर नवोदय विद्यालय, चुहड़पुर कलां के प्राचार्य कुंदल सिंह दिगारी ने बताया कि अभ्यर्थी नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा प्रवेश पत्र सभी खंड शिक्षा अधिकारियों के कार्यालयों में भी भिजवा दिए गए हैं। अभिभावक संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी के कार्यालय से प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
इसके साथ ही जवाहर नवोदय विद्यालय, चुहड़पुर कलां के कार्यालय से भी सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक प्रवेश पत्र प्राप्त करने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे परीक्षा से पहले अपने बच्चों का प्रवेश पत्र अवश्य प्राप्त कर लें और उसमें दर्ज परीक्षा संबंधी विवरण की जांच कर लें। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र साथ लेकर जाना अनिवार्य होगा। संवाद