फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yamuna Nagar News: सड़कों पर अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, बैंक व संस्थानों को नोटिस की तैयारी

Tue, 31 Mar 2026 03:59 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
विज्ञापन
विज्ञापन
यमुनानगर। सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण और उससे बिगड़ती यातायात व्यवस्था पर प्रशासन ने अब सख्त रुख अपना लिया है। शहर के प्रमुख मार्गों पर अव्यवस्था फैलाने वाले प्रतिष्ठानों, बैंकों और शिक्षण संस्थानों को जल्द ही नोटिस जारी किए जाएंगे। शहर में सबसे ज्यादा समस्या महाराजा अग्रसेन चौक से रेलवे स्टेशन रोड पर है। यह मार्ग व्यावसायिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जहां बड़ी संख्या में बैंक, निजी अस्पताल, होटल और कोचिंग सेंटर संचालित हो रहे हैं। इनमें से अधिकांश के पास अपने परिसर में पार्किंग की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है।
विज्ञापन

इन संस्थानों में आने वाले लोग अपने वाहन सड़क पर ही खड़े कर देते हैं, जिससे सड़क पर चलने के लिए कम जगह बचती है। जिससे यहां आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं को भी रास्ता बनाने में दिक्कत होती है। समस्या केवल वाहनों तक ही सीमित नहीं है। कई बैंकों ने अपने जनरेटर भी भवन के बाहर सड़क किनारे ही रख दिए हैं, जिससे पैदल चलने वालों के लिए भी पर्याप्त जगह नहीं बचती। इससे दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है। यह मुद्दा लंबे समय से जिला सचिवालय में आयोजित सड़क सुरक्षा बैठकों में उठता रहा है। प्रशासन की ओर से पहले भी बैंक, अस्पताल और कोचिंग सेंटर संचालकों को समझाया गया था कि वे अपने यहां आने वाले वाहनों की उचित व्यवस्था करें। उन्हें यह निर्देश भी दिए गए थे कि बाहर एक कर्मचारी तैनात करें, जो वाहनों को सड़क पर खड़ा न होने दे और व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करे।
बैठकों में यह चौंकाने वाली बात भी सामने आई कि इन संस्थानों के भवनों के नक्शे पास कराते समय पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था दिखाने का दावा किया गया था। लेकिन वास्तविकता में अधिकांश स्थानों पर पार्किंग की कोई व्यवस्था मौजूद नहीं है। इससे साफ है कि नियमों की अनदेखी कर भवनों का निर्माण किया गया और अब इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। ऐसे में प्रशासन का कहना है कि अब इस मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जल्द ही सभी संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी किया जाए। नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। संवाद
विज्ञापन

-
वर्जन:
रेलवे स्टेशन रोड पर बैंकों, निजी अस्पतालों व कोचिंग सेंटर संचालकों की वजह से यातायात व्यवस्था बिगड़ी हुई है। यह मामला रोड सेफ्टी की बैठक में भी लगातार उठ रहा है। इसलिए अब सभी को नोटिस जारी करने के आदेश हुए हैं। फिर भी सुधार नहीं हुआ तो आगामी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

- कुशलपाल राणा, प्रभारी, थाना यातायात।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें