यमुनानगर। एक पुलिस अधिकारी ने तीन लोगों पर 15 वर्षीय बेटे की फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उस पर आपत्तिजनक फोटो, वीडियो, चैटिंग अपलोड करने का आरोप लगाया है। शहर जगाधरी पुलिस ने शिकायत पर दंपती व उनके बेटे के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारी ने शिकायत में बताया कि आरोपी ओजस, उसके पिता विक्रम व मां ने उसके 15 साल के बेटे के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी तैयार की। इसके बाद उक्त आईडी के माध्यम से आपत्तिजनक फोटो, वीडियो व कुछ चैट को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
इस सभी सामग्री को जब उनके बेटे के कुछ अन्य दोस्तों ने देखा तो उन्होंने फोन कर तुरंत इसकी जानकारी बेटे को दी। उसके बेटे ने पूरा मामला उन्हें बताया। उसने खुद भी इंस्टाग्राम आईडी चेक की। यह आईडी उसके बेटे के नाम से बनी हुई थी। इसमें फोटो भी उसके बेटे की लगाई हुई थी। आईडी से आपत्तिजनक फोटो, वीडियो पोस्ट की गई थी।
जब उन्होंने जांच की तो पता चला कि आरोपी ओजस ने अपने माता पिता के साथ मिलकर यह गलत कार्य किया। इसके बाद उन्होंने वीरवार थाना शहर जगाधरी में शिकायत देकर तीनों पर केस दर्ज कराया।
थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि पुलिस ने तीनों पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपी पक्ष को थाने बुलाया गया है। उनसे पूछताछ कर पूरे मामले का पता लगाया जाएगा। संवाद