संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। गांव नाहरपुर ताहरपुर के खेतों में पुरानी रंजिश के चलते युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में अपराध शाखा-1 की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी दुखेड़ी निवासी विश्वजीत को अंबाला शहर से काबू किया। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
अपराध शाखा-1 के प्रभारी राजकुमार ने बताया कि पुलिस टीम वारदात के बाद से ही आरोपी की तलाश में जुटी थी। पुलिस के अनुसार पांच जून को उर्जनी निवासी 32 वर्षीय नवीन के साथ पुरानी रंजिश को लेकर नाहरपुर ताहरपुर के खेतों में मारपीट की गई थी। आरोपियों ने युवक को पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी।
अपराध शाखा की टीम ने जांच के दौरान आरोपी विश्वजीत की भूमिका सामने आने पर उसकी तलाश शुरू की। आरोपी के अंबाला शहर में होने की सूचना मिलने पर टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात में शामिल अन्य लोगों और हत्या के कारणों को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।