संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। थाना रादौर क्षेत्र के गांव भूरे का माजरा में पूर्व सरपंच ऋषिपाल के घर पर 21 अप्रैल को हुई फायरिंग के मामले में वांछित बदमाश अमन की मंगलवार रात सीआईए-टू टीम के साथ मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने उपचार के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर में भर्ती कराया है।
डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि पानीपत के गोयला निवासी आरोपी अमन पल्सर बाइक पर सवार होकर कुलपुर इलाके में घूम रहा था। पुलिस को उस पर शक हुआ और उसे रुकने का इशारा किया गया। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला, जिसके बाद दोनों तरफ से करीब 12 से 15 राउंड गोलियां चली।
पुलिस कि गोली लगने से आरोपी अमन घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया। मौके से हथियार और बाइक भी बरामद की गई है। अमन काला राणा गैंग का गुर्गा है। गौरतलब है कि आरोपी अमन पर 21 अप्रैल को पूर्व सरपंच के घर पर फायरिंग करने का आरोप है और वह तभी से फरार चल रहा था। पुलिस बदमाश के अन्य साथियों की तलाश कर रही है जो पूर्व सरपंच के घर फायरिंग मामले में उक्त बदमाश के साथ मौजूद थे। उपचार के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ करेंगी , जिससे इस मामले में और खुलासे होने की संभावना है।