संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। कोचिंग सेंटर के 14 युवकों को विदेश में भेजने के नाम पर 35 लाख रुपये ठगने के आरोपी में पुलिस ने जालंधर की मेसर्स पर्ल इंटरप्राइजेज फर्म के पार्टनर जय आदित्य को गिरफ्तार किया है। अभी तीन आरोपी गिरफ्त से बाहर है। प्रताप नगर थाना पुलिस ने 23 फरवरी 2023 को देवधर निवासी जगबीर सिंह की शिकायत पर फर्म के चार पार्टनर पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था।
जगबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि मई 2022 में उसकी मुलाकात जालंधर बस स्टैंड के नजदीक रहने वाले मंदीप सिंह बराड़, उसकी पत्नी, पार्टनर मनिंद्र सिंह व जय आदित्य के साथ हुई थी। आरोपी उसके प्रताप नगर स्थित कोचिंग सेंटर पर आए थे। आरोपियों ने उसे बताया था कि वह लोगों को विदेश भेजकर नौकरी लगवाने का काम करते है। उनकी पंचकूला में मेसर्स पर्ल इंटरप्राइजेज के नाम से फर्म है। हम सिर्फ फीस वीजा लगने के बाद लेते है।
आरोपियों के झांसे में आकर तब उसने भी सेंटर के दो लड़कों प्रदीप व फिरोज खान को दुबई भेजने का वीजा लगवाने की बात कही थी। आरोपियों ने उससे उसके दोनों लड़कों के दस्तावेज लिए। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें दुबई भेज दिया। जिससे उसका आरोपियों पर विश्वास हो गया। इसके बाद उसने सेंटर के पांच लड़कों को रुमानियां, चार लड़कों को मलेशिया और तीन लड़कों को दुबई व एक लड़के का साउथ कोरिया और एक लड़के को स्लोवाकिया के लिए भेजकर वहां पर सैटल करवाना था।
इसको लेकर आरोपी उसके पास प्रतापनगर आए। उसने सभी लड़कों के दस्तावेज आरोपियों को दिए। आरोपियों ने कुछ लड़कों को भारत से रोमानिया भेजने के लिए अमृतसर एयरपोर्ट से भेजकर उनको दुबई रोक दिया। इससे लड़कों को वहां बहुत ज्यादा परेशानी आई और कुछ लड़कों का आरोपियों ने आपस में मिलकर फर्जी वीजा तैयार करवा दिए।
इस दौरान आरोपियों ने उससे लगभग 35 लाख रुपये ले लिए। किसी तरह उसके सेंटर के लड़के वापस आए। जब उसने आरोपियों ने लड़कों के दस्तावेज व रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। तब प्रताप नगर थाना पुलिस ने चारों आरोपियों पर केस दर्ज किया था।