संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। किसानों से केंचुआ खाद प्लांट लगवाकर मुनाफे का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने के मामले में आर्थिक अपराध शाखा ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया। टीम ने करनाल के वजीदा जाटान निवासी गौरव को दिल्ली से पकड़ा है। गौरव केस दर्ज होने पर मुख्यारोपी अपने पिता जोगिंद्र के साथ दुबई भाग गया था। अब वह भारत लौटा था और दिल्ली छिपा हुआ था।
आर्थिक अपराध शाखा के प्रभारी निरीक्षक केवल सिंह ने बताया कि मामला किसानों के साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का है, इसलिए गौरव को सोमवार (आज) कोर्ट में पेश कर दो दिन पुलिस रिमांड मांगा जाएगा। रिमांड के दौरान अन्य आरोपियों का पता किया जाएगा और गौरव की ओर से ठगी गई रकम का बरामदगी का प्रयास होगा।
13 मई को सचिवालय पहुंचे यमुनानगर व अंबाला के किसानों ने एग्रो नेचर फार्मिंग्स नामक कंपनी के एमडी जोगिंद्र व अन्य लोगों के खिलाफ एसपी को शिकायत दी थी। कंपनी द्वारा सैकड़ों किसानों के साथ एग्रीमेंट किया गया कि उनकी जमीन पर केंचुआ खाद प्लांट लगाया जाएगा। दावा था कि इस प्लांट को लगाने के लिए मटेरियल कंपनी द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा।
तीन माह बाद खाद तैयार होने पर उसे कंपनी वहां से उठाकर सेल करेगी। इस तरह से किसानों को लगातार आय होगी और यह आय अढ़ाई वर्ष में डबल हो जाएगी। इसके बदले किसानों से दो से लेकर 40 लाख रुपये तक केंचुआ खाद प्लांट लगाने के लिए गए।
किसानों की ओर से पैसे वापस मांगने पर कंपनी ने सेक्टर-17 में अपना कार्यालय बंद कर दिया। कंपनी प्रबंधकों के फोन भी स्विच ऑफ हो गए। किसानों ने दावा किया था कि कंपनी ने हरियाणा, पंजाब, राजस्थान व उत्तर प्रदेश के सैकड़ों किसानों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की है।