संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पुराना हमीदा की आत्मापुरी कॉलोनी में व्यक्ति को घर में बंधक बनाकर पीटने व 60 हजार रुपये छीनने का मामला सामने आया है। जब पीड़ित व्यक्ति की तीन बेटियां, बेटा व पुत्रवधू उसे छुड़ाने गए तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। उन्होंने आरोपियों पर सोने की दो चेन व मोबाइल छीनने के भी आरोप लगाए है। पुलिस ने मामले में पांच युवकों को नामजद करते हए सात अन्य आोरपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुराना हमीदा की आत्मा पुरी कॉलोनी निवासी रेशमा ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार रात करीब दो बजे उसकी ननद नर्गिस के पास उसके पिता आमिर का फोन आया कि उसे विक्रांत बग्गा, साहिल, गोलू, सिराजूद्दीन, आसिफ उर्फ पाची व उनके पांच-सात साथियों ने महताब के घर में बंद कर रखा है। आरोपी उसके साथ मारपीट कर रहे हैं।
इस सूचना पर उसकी ननद नर्गिस अपनी बहन मिसबा व आनम के साथ महताब के घर गई। वहां आरोपी विक्रांत, साहिल, गोलू, आसिफ व अन्य ने उनकी ननदों के साथ भी मारपीट की। उनसे गाली गलौज की। आरोपियों ने उसकी चार माह की गर्भवती ननद मिसबा के पेट में लात मारी। उसकी ननद आरोपियों से बचकर उसके पास पहुंची और आपबीती सुनाई।
इसके बाद वह अपने पति अलाबंदा के साथ मौके पर गई। जब उसने आरोपी विक्रांत बग्गा से मारपीट के बारे में पूछा तो आरोपियों ने उसके व उसके पति अलाबंदा के साथ मारपीट की। आरोपियों ने उसके व पति से सोने की चेन और उसकी ननद आनम का फोन भी छीन लिया। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की दी। उसने अपनी ननद मिसबा को अस्पताल में भर्ती कराया।
उसके ससुर अमिर ने बताया कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर 60 हजार रुपये भी छीने है। जांच अधिकारी लखविंदर मसीह का कहना है कि मामले में पांच आरोपियों को नामजद करते हुए पांच-सात अन्य पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।