संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। गांव मलिकपुर बांगर में केहर सिंह उर्फ कुकल पर जहरीला पदार्थ देकर इकबाल अहमद की हत्या करने का आरोप लगा है। मामला गत 17 मई का है। पुलिस में जांच के बाद केहर सिंह को हत्या के आरोप में नामजद कर लिया।
शिकायत में गांव मलिकपुर बांगर निवासी साबिर अली ने बताया कि वह कारपेंटर का काम करता है। गत 17 मई को वह जगाधरी अपने काम पर गया था। दोपहर साढ़े 12 बजे उसकी माता समजिदा खातून ने फोन कर बताया कि उसके पिताजी इकबाल अहमद के मुंह से झाग आ रहा है। साथ ही कहा कि केहर सिंह उर्फ कुकल ने पिता को जहरीला पदार्थ दिया है।
सूचना मिलते ही वह बाइक पर घर पहुंचा और पिता को गंभीर हालत में व्यासपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सक ने पिता को जगाधरी के सिविल अस्पताल में रेफर कर दिया। इस दौरान पिता ने उसे बताया कि केहर सिंह उर्फ कुकल ने उसे जहर दिया है। उस समय उसने पिता का वीडियो बना लिया। कुछ देर बाद उसके पिता की हालत ज्यादा खराब हो गई।
चिकित्सक ने पिता को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। पिता को पीजीआई लेकर गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें जवाब दे दिया। इसके बाद पिता को यमुनानगर के निजी अस्पताल में दाखिल कराया। वहां 18 मई को पिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। तब केहर सिंह उर्फ कुकल के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद केहर सिंह उर्फ कुकल को हत्या के आरोप में नामजद कर जांच शुरू कर दी।