संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। हरियाणा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने शुक्रवार देर रात खुर्दी नहर पुल के पास स्मैक के साथ आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 210 ग्राम स्मैक बरामद की गई। आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
ब्यूरो के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर राजेश देशवाल ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली कि एक युवक उत्तर प्रदेश से नशीले पदार्थ लेकर करनाल जाएगा। जो खुर्दी नहर पुल से होता हुआ निकलेगा। इस सूचना के आधार पर उनकी टीम ने मौके पर जाकर वहां घूम रहे युवक को गिरफ्तार किया। मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट एसडीओ सिंचाई विभाग सुशील कुमार को बुलाया गया। उनके सामने पकड़े गए युवक की तलाशी ली तो उसके पास से 210 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी की पहचान करनाल के घरौंडा क्षेत्र के गांव मुंडी गढ़ी निवासी शोएब के नाम से हुई। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर अदालत में पेश किया जहां से उसे रिमांड पर लिया गया है। जांच अधिकारी देसवाल ने बताया कि आरोपी तीन महीने से नशे की सप्लाई कर रहा था और वहां उत्तर प्रदेश से नशीले पदार्थ लेकर आता था। उन्होंने बताया कि नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले उनकी टीम ने छह क्विंटल करीब गांजा पलवल से पकड़ा था। इसके अलावा 395 ग्राम चिट्टा भी जींद से पकड़ा था।