नारायणगढ़। काला आम्ब चौकी पुलिस ने मारकंडा पुल के पास घेराबंदी कर एक आरोपी को अवैध हथियार व कारतूस सहित काबू किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सहायक उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार, सहायक उप निरीक्षक सूबे सिंह व टीम ने आरोपी को काबू किया। पकड़े गए आरोपी की पहचान शिवालिक कॉलोनी, काला आम्ब निवासी विजय कुमार के रूप में हुई है। अदालत ने उसे एक दिन के रिमांड पर भेजा है, ताकि हथियार के स्रोत व अन्य संलिप्त लोगों का पता लगाया जा सके। संवाद
अफीम तस्करी का तीसरा आरोपी बिहार से काबू
अंबाला। नशा तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए सीआईए-2 की टीम ने 1 किलो 534 ग्राम अफीम तस्करी मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी को बिहार के सीतामढ़ी जिले से गिरफ्तार कर लिया। उप निरीक्षक रवि कुमार के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक अमृत पाल व टीम ने 20 नवंबर को हरि नगर, थाना महिंद्वारा निवासी छोटन को काबू किया था। इससे पहले पंजोखरा साहिब क्षेत्र में नसरौली-भड़ोग रोड के पास से जय कुमार व ललन को अफीम सहित गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पूछताछ के बाद छोटन को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। संवाद
शटर तोड़कर चोरी करने का तीसरा आरोपी काबू
अंबाला सिटी। न्यू दशमेश मार्केट में दुकान का शटर तोड़कर नकदी चोरी करने के मामले में चौकी नंबर-3 पुलिस ने सीआईए टीम के सहयोग से तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ट्रेजरी रोड, कंच घर निवासी विकास कुमार है। पुलिस ने उससे वारदात में प्रयुक्त लोहे का सब्बल बरामद किया है। 2/3 नवंबर की रात करीब 12 हजार रुपये चोरी होने पर दुकान मालिक अमन बंसल ने शिकायत दर्ज कराई थी। पहले दो आरोपियों को पकड़कर नकदी बरामद की जा चुकी है। तीसरे आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। संवाद