यमुनानगर। जगाधरी के एक कारोबारी से 95.74 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के रहने वाले विजय तिवारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
जांच अधिकारी विशाल ने बताया कि ठगों ने कारोबारी के बैंक खाते से जुड़े मोबाइल नंबर की सिम स्वैपिंग कर वारदात को अंजाम दिया था। मोबाइल नंबर पर नया सिम सक्रिय कराने के बाद आरोपियों ने खाते से 95 लाख 74 हजार रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर लिए। घटना के समय सप्ताहांत की छुट्टियां होने के कारण खाते में हुए लेनदेन की जानकारी समय पर नहीं मिल सकी। छुट्टियां खत्म होने के बाद कारोबारी ने बैंक खाता जांचा तो बड़ी रकम गायब मिलने पर मामले का खुलासा हुआ। शिकायत मिलने के बाद 25 मई को साइबर क्राइम थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। जांच के दौरान पुलिस ने पहले गोंडा निवासी रामधन वर्मा को मुंबई से गिरफ्तार किया था। उसके बैंक खाते में ठगी की रकम में से करीब 22 लाख रुपये आने की पुष्टि हुई थी। पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपी विजय तिवारी तक पहुंची।
जांच अधिकारी पीएसआई विशाल सैनी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि विजय तिवारी ने बैंक खाता खरीदकर मुख्य गिरोह के सदस्यों को उपलब्ध कराया था। मामले में तीन अन्य संदिग्धों की पहचान की जा चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान गिरोह के नेटवर्क और ठगी की रकम के लेनदेन से जुड़े अहम सुराग मिलेंगे। संवाद