संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर की शिवपुरी-बी काॅलोनी निवासी राघव मेहरा व उसके माता-पिता पर जानलेवा हमला करने के आरोपी जटहेड़ी निवासी गुरनीत सिंह उर्फ दीनू को थाना गांधी नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते अपने चार-पांच अन्य साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला किया था। थाना गांधी नगर थाना प्रभारी महरूफ अली का कहना है कि आरोपी गुरनीत सिंह पर पहले भी विभिन्न धाराओं में एक दर्जन केस दर्ज हैं। आरोपी से हमले में इस्तेमाल की गई लोहे की राॅड बरामद की गई है।
पुलिस को दी शिकायत में राघव मेहरा ने कहा था कि एमएलएन काॅलेज में पढ़ता है। उसका भाई माधव दुबई में रहता है। उसके पिता सुरेश मेहरा प्राइवेट काम करते हैं। तीन फरवरी की रात वह अपने दोस्त ससौली निवासी सहरान उर्फ शेरा के साथ अपनी कार में महाराणा प्रताप चौक पर गया था। घर वापस लौटते समय उसने शेरा को उसके घर के बाहर उतार दिया। शेरा के कॉलोनी में जाते ही उसका दूसरा दोस्त गगन उसकी कार में बैठ गया। तभी पीछे से कार सवार कांसापुर निवासी मांगा खान, पांडो गांव निवासी मन्नी, साढौरा निवासी मनजोत सिद्धू व जटहेड़ी निवासी गुरनीत ने लाेहे की रॉड, डंडों से उसकी कार में तोड़फोड़ कर दी। जब वह कार से नीचे उतरा तो आरोपियों ने उस पर भी राड, डंडों व तलवार से हमला कर दिया। शोर सुनकर उसके पिता सुरेश मेहरा व मां परवीन मेहरा घर से बाहर आई तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की थी। पुलिस ने केस दर्ज किया था।