संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। गांधीनगर थाना क्षेत्र की एक महिला ने राजस्थान के जयपुर निवासी युवक पर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और लंबे समय तक शोषण करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सांस्कृतिक कार्यक्रमों और म्यूजिक एलबम में काम करती है तथा इसी से परिवार का पालन-पोषण करती है। वर्ष 2023 में वह एक गाने की शूटिंग के सिलसिले में जयपुर गई थी, जहां उसकी मुलाकात नरेंद्र सिंह से हुई। आरोप है कि शूटिंग समाप्त होने के बाद आरोपी उसे एक होटल में ले गया और खाना खिलाया।
खाना खाने के बाद वह बेहोश हो गई। होश आने पर उसे अपने साथ गलत होने का एहसास हुआ। विरोध करने पर आरोपी ने अश्लील वीडियो बनाने की बात कहकर किसी को कुछ भी बताने पर उसे वायरल करने की धमकी दी। महिला का आरोप है कि फरवरी 2024 में आरोपी ने फिर शूटिंग का बहाना बनाकर संपर्क किया।
मना करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी, जिसके डर से उसे दिल्ली जाना पड़ा। वहां आरोपी ने दो दिन तक उसे अपने साथ रखा और शोषण किया। बाद में मार्च में भी इसी तरह बुलाकर संबंध बनाए और वीडियो हटाने का झूठा भरोसा देता रहा। लगातार धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान महिला ने आखिरकार पुलिस को शिकायत दी।
पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि महिला की शिकायत के आधार पर गांधी नगर थाने में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा।