संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। व्यासपुर क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति का अपहरण कर करोड़ों रुपये की कृषि भूमि हड़पने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए एसपी को शिकायत दी है। गांव मुजाफत निवासी अमनजीत कौर का आरोप है कि उसके पति की शराब की लत और मानसिक कमजोरी का फायदा उठाकर 10 लोगों पर उसे अपने कब्जे में लेने और फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम करवाने का आरोप लगाया है।
अमनजीत के अनुसार 17 मार्च को उसके पति को अगवा कर कई दिनों तक छिपाकर रखा गया। इस दौरान फर्जी आधार कार्ड, इकरारनामा और अन्य कागजात तैयार किए गए। बाद में जांच कराने पर पता चला कि 15 अप्रैल को जमीन की सेल डीड भी करवा दी गई, जबकि संबंधित भूमि की कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपये प्रति एकड़ है। शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपियों ने शिकायत वापस लेने के लिए धमकियां भी दीं और खुद को प्रभावशाली बताकर कार्रवाई नहीं करने की बात कही।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके बच्चों ने किसी तरह उसके पति को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया, लेकिन अब तक किसी आरोपी पर कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि रजिस्ट्री के लिए उक्त लोगों को 87 लाख व 20 लाख बयाने के रूप में भी दिए गए थे।
वहीं रजिस्ट्री के बाद साजिश के तहत गुरदेव की गुमशुदगी की शिकायत व्यासपुर थाना में दी थी, जबकि उसके बाद उन्होंने कोर्ट में केस भी दायर किया है, जोकि कोर्ट में विचाराधीन है। सभी आरोप निराधार हैं।