यमुनानगर। फर्कपुर थाना क्षेत्र की एक 34 वर्षीय महिला ने युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर लंबे समय तक ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी और उसके परिजनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पहचान रमनदीप सिंह नाम के युवक से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी तो आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाया। आरोप है कि 13 जून को उसने मिलने के बहाने बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली। पीड़िता का कहना है कि वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी लगातार उस पर संबंध बनाने का दबाव डालता रहा।
जब उसने शादी की बात की तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया। महिला ने आरोपी के परिवार से शिकायत की तो उन्होंने भी उसे धमकाया। आरोप है कि शिकायत करने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर आरोपी लगातार मिलने के लिए मजबूर करता रहा। महिला थाना प्रभारी शीलावंती का कहना है कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।