अलाहर-जयपुर मार्ग पर गांव खंडवा के नजदीक अनियंत्रित होकर एक अल्टो कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार में सवार पुलिस कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी व दो बच्चे घायल हो गए। पुलिस कर्मी राकेश कांबोज रादौर क्षेत्र के गांव जयपुर का रहने वाला था और स्टेट क्राइम ब्रांच डीजीपी पंचकुला के गनमैन के पद पर तैनात था। घायलों को ट्रॉमा सेंटर लाया गया, जहां से पुलिस कर्मी की पत्नी को पीजीआई रेफर किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
रादौर क्षेत्र के गांव जयपुर निवासी राकेश कांबोज (34) स्टेट क्राइम ब्रांच डीजीपी पंचकुला के गनमैन पद पर तैनात थे। राकेश को पंचकुला में ही सरकारी क्वार्टर में अपने परिवार के साथ रहते थे। पिछले कुछ दिनों से पारिवारिक काम के लिए राकेश कुमार ने ड्यूटी से छुट्टी ली थी। शनिवार को राकेश अपनी पत्नी मीनू, छह वर्षीय बेटी द्वियांशी व चार वर्षीय बेटे संयम के साथ अपनी अल्टो कार में किसी काम से यमुनानगर आए थे। काम समाप्त करने के बाद दोपहर के समय वे कार से वापस घर लौट रहे थे। जब वे अपने गांव जयपुर से लगभग छह किलोमीटर पहले गांव खंडवा के नजदीक पहुंचे तो उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक कीकर के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी की कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने हादसे में घायल हुए पुलिस कर्मी व उसके परिवार सदस्य को कार से बाहर निकाला और इसकी सूचना कंट्रोल रूम में दी। आसपास के लोगों ने सभी घायलों को तुरंत ट्रामा सेंटर में पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित किया। जबकि उनकी पत्नी मीनू की हालत को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें पीजीआई रेफर किया। परिजनों ने उन्हें शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं बेटी दिव्यांशी व बेटे संयम को हल्की चोटें लगी। जिन्हें उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम रविवार को होगा।
गांव में पसरा मातम
हादसे की सूचना पाते ही मृतक राकेश के पिता कर्ण सिंह व अन्य परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। घटनास्थल से गांव कुछ दूरी पर होने के कारण मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया। जैसे ही परिजनों ने राकेश का शव देखा तो वे अपनी सुधबुध खो बैठे। गांव के लोगों ने उन्हें संभाला। हादसे का समाचार जब राकेश के गांव में पहुंचा तो वहां पर मातम पसर गया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था।
स्टेयरिंग जाम होने से हादसा :
माना जा रहा है कि हादसा कार का स्टेयरिंग जाम होने से हुआ है। कयास लगाए जा रहे है कि मार्ग पर चलते हुए अचानक कार का स्टेयरिंग जाम हो गया। इससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। वहीं लोगों का यह भी मानना है कि मार्ग में किसी पशु को बचाते हुए हादसा हुआ।
वर्जन
गांव खंडवा के पास कार पेड़ से टकराने की सूचना पर पुलिस कर्मचारी को मौके पर भेजा गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी घायल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम रविवार को होगा।
रणधीर सिंह, एसएचओ, थाना सदर यमुनानगर।