शहर के बीच से रेत से भरे वाहनों का निकलना लगातार जारी है। शुक्रवार को रेत से भरे डंपर ने नेशनल हाईवे से गुजरते समय पांच वाहनों को टक्कर मार दी। डंपर की चपेट में आने से एक बाइक चालक और एक बच्चा घायल हो गया। इस दौरान हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सुबह करीब नौ बजे रेत से भरा डंपर नेशनल हाईवे 73 पर कमानी चौक से विश्वकर्मा चौक की ओर जा रहा था। बाईपास पुल से उतरते समय डंपर ने एक थ्री व्हीलर को टक्कर मार दी। इसके बाद एक ट्रक और एक ट्रैक्टर-ट्राली को साइड मारी। इसके बाद भी चालक ने डंपर को नहीं रोका और एक कार और बाइक को भी साइड मार दी। गनीमत रही कि किसी भी वाहन में सवार कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ।
पांच वाहनों को टक्कर मारने के बाद डंपर ने सड़क से गुजर रहे एक बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। घायल बच्चे को तुरंत अस्पताल भेज दिया गया। हाईवे पर वाहन भिड़ने से जाम की स्थिति बन गई। कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन बुलवाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से किनारे किया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कमानी चौक पर तैनात पुलिस कर्मियों ने डंपर को रोकने का प्रयास किया था, लेकिन वह वहां से भाग निकला। भागने की हड़बड़ी में उसने वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।
कई जानें ले चुके हैं रेत-बजरी से भरे वाहन
जिले में अवैध खनन का खामियाजा शहरवासियों को भुगतना पड़ रहा है। खनन पर प्रतिबंध होने के बावजूद खिजराबाद क्षेत्र में अवैध खनन कर रेत-बजरी से भरे वाहन रात भर और तड़के सड़कों से गुजरते हैं। यमुनानगर और जगाधरी शहर से दो नेशनल हाईवे गुजरते हैं। अवैध खनन में लिप्त वाहन इन हाईवे से होकर निकलते हैं। रेत-बजरी से भरे वाहनों के कारण कई बार जानलेवा हादसे हो चुके हैं।
पिछले साल मधु होटल के सामने एक परिवार के चार सदस्यों की रेत से भरे डंपर की चपेट में आकर मौत हो गई थी और चार घायल हो गए थे। पिछले ही वर्ष ईएसआई अस्पताल के नजदीक एक्टिवा सवार एक व्यक्ति की रेत से भरे डंपर की चपेट में आने से मौत हो गई थी। जिला प्रशासन न तो अवैध खनन पर अंकुश लगा पाया है और न ही पुलिस प्रशासन सड़कों से अवैध रूप से रेत-बजरी भरकर ले जाने वाले वाहनों पर लगाम कस पाया है।
थाना शहर एसएचओ राजीव मिगलानी ने बताया कि हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। डंपर को कब्जे में लेकर वाहन चालक की तलाश की जा रही है। घायल बच्चे के बारे में कुछ पता नहीं चल पाया है। अभी तक बच्चे के परिजनों ने पुलिस को शिकायत नहीं दी है। डंपर की टक्कर से क्षतिग्रस्त हुए ट्रक के चालक की शिकायत पर अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।