मंडेबर रोड पर पेट्रोल पंप के नजदीक शनिवार सुबह बाइक और ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार हलवाई की मौत हो गई, जबकि उसका हेल्पर घायल हो गया।
मृतक व घायल दोनों कुरुक्षेत्र के बाबैन क्षेत्र के रहने वाले थे। पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया है। वहीं घायल को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है।
कुरुक्षेत्र के बाबैन क्षेत्र के गांव टाटका निवासी शीशपाल (38) की बाबैन में ही हलवाई की दुकान है। दुकान पर क्षेत्र के गांव खैरा निवासी विक्रम हेल्पर का काम करता है। शनिवार को दोनों एक बाइक पर फिरनियों की सप्लाई के लिए यमुनानगर आ रहे थे।
बाइक हलवाई शीशपाल चला रहा था। जब वे मंडेबर रोड पर पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंचे तो सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्राली से उनकी टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चालक शशि पाल व विक्रम गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर ट्राली चालक मौके से भाग गया।
लोगों ने घायलों को ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां पर डॉक्टरों ने शीशपाल को मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी एएसआई बलबीर सिंह का कहना है कि आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।