छप्पर थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन तलाकौर सड़क पर बाइक से उछलकर गिरी महिला की मौत हो गई। हादसा सड़क पर डाले गए गटके के कारण हुआ। महिला के परिजनों ने संबंधित ठेकेदार पर सड़क निर्माण में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
छप्पर थाना क्षेत्र के गांव भूरे का माजरा निवासी कुंती देवी (42) शनिवार को गांव खेड़ी दर्शन सिंह में रिश्तेदारी में आयोजित जागरण में गई थी। रविवार सुबह वह अपने बेटे जसविंदर सिंह के साथ बाइक पर घर लौट रही थी। तलाकौर गांव के नजदीक मोड़ से निर्माणाधीन सड़क पर चढ़ने लगे तो सड़क पर गटका होने के कारण कुंती देवी बाइक से उछलकर नीचे गिर गई।
उसके सिर में गटके के टुकड़े लग गए। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। लोगों ने महिला को जगाधरी के सिविल अस्पताल में पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मानकों के तहत नहीं हो रहा सड़क निर्माण : मृतका के बेटे जसविंद्र सिंह ने बताया कि सड़क निर्माण में ठेकेदार लापरवाही बरत रहा है। सड़क पर कहीं भी सड़क निर्माण संबंधित बोर्ड नहीं लगा हुआ है। सड़क का निर्माण विभाग द्वारा तय मानकों के तहत नहीं हो रहा है।
तलाकौर के पास बाइक से गिरने पर महिला की मौत हो गई थी। मामले की जांच की जा रही है।
एएसआई राकेश कुमार, जांच अधिकारी, थाना छप्पर।