गांव गलौला में पंचायती गली के निर्माण के लिए इंटरलॉक टाइल से भरी ट्राली को ट्रैक्टर से जोड़ते समय एक किशोर इसकी चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल हुए किशोर को ट्रामा सेंटर ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। किशोर दसवीं कक्षा में पढ़ता था। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शव को परिजनों के हवाले कर दिया है।
खिजराबाद क्षेत्र के गांव भूड़कलां निवासी महबूब हसन का बेटा आदिल हसन (16) दसवीं कक्षा में पढ़ता था। इन दिनों वह गांव गनौला में बन रही पंचायती गली के निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था। मंगलवार शाम को वह चालक के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर इंटरलॉक टाइलों से भरी ट्राली लेने गया था।
जब चालक ट्राली को ट्रैक्टर में जोड़ रहा था तो आदिल हसन बीच में खड़ा ट्राली जुड़वाने लगा। इसी बीच ट्रैक्टर चालक ने अचानक ट्रैक्टर पीछे कर दिया, इससे आदिल ट्राली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। आदिल को छछरौली स्थित अस्पताल में लाया गया, जहां उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। यहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डीएसपी ने दिए जांच के निर्देश
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। उसके बाद पोस्टमार्टम हाउस के बाहर भी भूड़कलां गांव के सरपंच सहित गांव के अनेक लोग और परिजन पहुंच गए। सुबह करीब सवा दस बजे डीएसपी अजय राणा भी पोस्टमार्टम हाउस के बाहर पहुंचे। उन्होंने जांच अधिकारी एएसआई जिले सिंह से मामले की जानकारी ली और गहनता से जांच कर जल्द आरोपी चालक को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
वर्जन
आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। चालक की तलाश जारी है। जल्द ही उसेे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एएसआई जिलेसिंह, जांच अधिकारी, थाना छछरौली।