यमुनानगर। रोमानिया भेजने के नाम पर स्टारी गांव निवासी जंग बहादुर से तीन लाख 75 हजार रुपये लेकर हड़प लिए गए। इस मामले में पुलिस ने पंचकुला निवासी अमित कुमार, जडोदा निवासी नीटू व गौरव पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
जंग बहादुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी संतपुरा गुरुद्वारा के नजदीक बेगमपुर नाम से ऑफिस चलाते हैं। इसके साथ ही उसके गांव व आसपास के गांव में प्रतियोगिताएं भी करवाते थे। आरोपियों ने उसे कहा कि वह युवाओं को विदेश भेजने का काम भी करते हैं। वह उसके बेटे साहिल को रोमानिया भेज देंगे। जहां उसे नौकरी मिल जाएगी और बाद में उसे वहीं की पीआर दिलवा देंगे। रोमानिया भेजने के लिए साढ़े चार लाख रुपये का खर्च बताया। पौने चार लाख रुपये पहले और बाकी रुपये बाद में देने की बात तय हुई। काफी दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों ने उसके बेटे को रोमानिया नहीं भेजा। परेशान होकर जब उसने आरोपियों से रकम वापस मांगी तो उन्होंने देने से मना कर दिया। परेशान होकर उसने आरोपियों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। छप्पर थाना प्रभारी प्रमोद वालिया का कहना है कि तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों पर पहले भी धोखाधड़ी के केस दर्ज हैं।