संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। एसपी कार्यालय में तैनात एसपीओ ने मोहित नाम के युवक पर अभद्रता व सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया है। आरोप है कि आरोपी एक साल पहले दी शिकायत की कॉपी मांग रहा था और एसपी से मिलने का दबाव डाल रहा था। इसी बात को लेकर आरोपी ने हंगामा किया। सेक्टर 17 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
एसपी कार्यालय में तैनात एसपीओ मुकेश कुमारी ने बताया कि उसकी एसपी ऑफिस में रिसेप्शन पर ड्यूटी है। 16 मई की दोपहर के समय एक युवक रिसेप्शन पर आया और एसपी साहब से मिलने के लिए कहने लगा। उसने उससे मिलने का कारण पूछा। तो आरोपी ने एएसआई सुदेश के खिलाफ शिकायत देने की बात कही। इस पर उसने उसे लिखित में शिकायत देने को कहा।
आरोपी ने लिखित शिकायत देने से मना कर दिया और उसे कहा कि उसने पिछले साल शिकायत दी थी। उसके बारे में पता करना है। उसने आरोपी को पिछले साल दी शिकायत की रसीद मांगी। लेकिन उसने रसीद देने से मना कर दिया और शिकायत की कॉपी लेने की बात पर अड़ गया। उसने उसे आरटीआई ब्रांच में जाने की सलाह दी। आरोप है कि इसके बाद आरोपी उससे अभद्रता से बात करने लगा।
उसने उसे अन्य शिकायतकर्ताओं के साथ उसे एसपी से मिलवा दिया। बाद में एसपी के आदेशों पर उसे स्टेनो से मिलवाया गया। उसे उसकी शिकायत की पूरी जानकारी दे दी गई। आरोपी फिर से उसके काउंटर पर आया और फिर से उससे अभद्रता करने लगा। उन्होंने इस संबंध में एसपी गंगाराम पूनिया को अवगत कराया। इसके बाद शिकायत सेक्टर 17 थाना पुलिस को दी गई। सेक्टर 17 थाना पुलिस ने आरोपी युवक पर अभद्रता व सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।