छछरौली। दादूपुर हैड पर नहर किनारे बैठे एक युवक ने उठकर नहर में छलांग लगा दी। मौके पर खड़े लोगों ने जब युवक छलांग लगाते देखा तो शोर मचाया और उसको बचाने का भी प्रयास किया पर पानी का बहाव तेज होने के कारण युवक देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया। युवक के डूबने की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची। इस दौरान वहां खड़ी बाइक की डिग्गी से कुछ दस्तावेज मिले हैं।
दादूपुर हैड पर मौजूद व्यक्ति कमलजीत सिंह ने बताया कि वह यहीं पर खड़ा हुआ था। सामने नहर के किनारे काफी देर से एक युवक बैठा हुआ था। जिसकी बाइक भी पास ही खड़ी थी। युवक अचानक उठा और नहर में कूद गया। युवक के नहर में कूदते ही शोर मचाया और उसे बचाने के प्रयास करने के लिए नहर तक पहुंचा, लेकिन पानी का तेज बहाव होने के चलते वह बह गया। किसी तरह से पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर बाइक की डिग्गी से कुछ दस्तावेज बरामद किए हैं। जिनकी जांच करने पर बाइक की आरसी के मुताबिक साढौरा के फिरोजपुर निवासी जगपिंदर सिंह के नाम है।
थाना प्रभारी छछरौली रोहतास ने बताया कि वह रूटीन की गश्त पर दादूपुर हेड की तरफ आए हुए थे। यहां लोगों ने बताया कि एक युवक ने अभी नहर में छलांग लगाई है। मौके पर एक बाइक खड़ी हुई मिली। डिग्गी से मिली बाइक की आरसी में लिखे पते पर परिजनों को सूचना दे दी गई है। संवाद