संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर में शुक्रवार रात बाईपास पुल पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार न्यू आबादी कैंप निवासी अजय सपरा को सीधी टक्कर मार दी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना शहर यमुनानगर पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
अजय पेपर मिल में कार्यरत था और शुक्रवार रात ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहा था। परिवार के अनुसार अजय अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी शादी को लेकर घर में रिश्तों की तलाश चल रही थी। पुलिस को दी शिकायत में मृतक के चचेरे भाई दर्पण सपरा ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे फव्वारा चौक के पास उसकी अजय से मुलाकात हुई।
दोनों अपनी-अपनी बाइक पर घर की ओर निकले, जिसमें अजय आगे चल रहा था। जैसे ही अजय कमानी चौक से बाईपास पुल के ऊपर होते हुए विश्वकर्मा चौक की ओर पहुंचा, तभी सामने से आ रही सफेद रंग की ऑल्टो कार ने बिना हॉर्न दिए तेज रफ्तार में उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर से अजय सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए कार चालक मौके पर रुका, लेकिन भीड़ जुटती देख कार लेकर भाग निकला। थाना शहर यमुनानगर के जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिले भागे चालक की पहचान की जा सके।