संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सहारनपुर-यमुनानगर रोड पर शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं दोस्त घायल हो गया। यमुनानगर थाना सदर पुलिस ने घायल की शिकायत पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मृतक की पहचान पांसरा निवासी रोहित (25) के रूप में हुई है। घायल दोस्त जावेद भी इसी गांव का है। दोनों दोस्त घर का सामान लेने के लिए यमुनानगर शहर आ रहे थे। तभी पीछे से आए बाइक सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे रोहित का सिर सड़क पर जा लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल तक पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
जावेद ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी का काम करता है। रोहित और वह बचपन के अच्छे दोस्त थे। रोहित भी मेहनत मजदूरी ही करता था। रोहित के कहने पर हम रात करीब साढ़े आठ बजे बाइक पर सवार होकर यमुनानगर की ओर जा रहे थे। राेहित पीछे बैठा था और वह बाइक चला रहा था। बाइक की टक्कर से लगने से रोहित से सिर पर गंभीर चोटें आ गईं। इससे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस का कहना है केस दर्ज कर आरोपी बाइक सवार का सुराग लगाया जा रहा है। जल्द उसे काबू किया जाएगा।