संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। व्यासपुर-जगाधरी स्टेट हाईवे पर मंगलवार सुबह पावर हाउस के समीप सड़क के बरम निर्माण कार्य के दौरान गटके से भरा एक ट्राला अनियंत्रित होकर पलट गया। इसी दौरान शुगर मिल में गन्ना ले जा रही गन्ने से भरी ओवरलोड ट्राली का गन्ना 11 हजार केवी की तारों में फंस गया। इससे बिजली सप्लाई के पोल टूट गए। पोल टूटने से स्टेट हाईवे पर लंबा जाम लग गया और क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई।
पावर हाउस के पास सड़क चौड़ीकरण व बरम निर्माण का कार्य चल रहा था। निर्माण कार्य के कारण सड़क पहले से ही संकरी हो गई थी। इसी दौरान जगाधरी की तरफ गटका लेकर जा रहा ट्राला असंतुलित होकर पावर हाउस के सामने पलट गया। इसी दौरान वहां से गन्ने से भरी ओवरलोड ट्राली निकल रही थी। शुगर मिल की ट्राली में गन्ना इतनी ऊंचाई तक भरा हुआ था कि वह स्टेट हाईवे के ऊपर से जा रहे तार में फंस गया।
ट्रैक्टर-ट्राली तेज होने के कारण 11 हजार केवी लाइन का बिजली का पोल गिर गया। पोल गिरते ही ज्ञानेवाला फीडर पूरी तरह से बंद हो गया। बिजली पोल गिरने की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत बिजली सप्लाई की लाइन को बंद कर दिया, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो सके। हालांकि पोल गिरने के कारण एक दर्जन से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
सड़क पर ट्राला पलटने और पोल गिरने से मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्कूली वाहन, बसें, ट्रक और निजी गाड़ियां जाम में फंसी रहीं। लगभग एक घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा, जिससे राहगीरों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद जाम को खुलवाया गया और यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।
स्थानीय निवासी गौरव झाम, सौरव, सुनील कुमार का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान उचित सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। सड़क के किनारे किसी प्रकार का कोई सांकेतिक बोर्ड भी नहीं लगाया गया था। जिसके कारण इस तरह की घटनाएं हो रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान यातायात प्रबंधन और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए, अतिक्रमण को हटाया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

सड़क के किनारे पलटा ट्राला व गिरे बिजली के खंभे। संवाद