संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर के मॉडल टाउन क्षेत्र के लोगों को जल्द ही टूटी और जर्जर सड़क से राहत मिलने वाली है। नगर निगम ने मधु चौक से वाया नेहरू पार्क, एमएलएन कॉलेज के पिछले गेट से होते हुए वर्कशॉप रोड तक सड़क निर्माण के लिए करीब 94 लाख रुपये की निविदा जारी की है।
यह सड़क शहर के प्रमुख बाजार को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल है, जिस पर लंबे समय से गड्ढे और खराब हालत के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस सड़क की हालत पिछले काफी समय से खराब बनी हुई है। सड़क पर कई जगह गड्ढे पड़ चुके हैं, जिसके कारण वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को दिक्कत होती है।
बरसात के मौसम में टूटी सड़क पर पानी भर जाने से स्थिति और भी खराब हो जाती है। ऐसे में वाहन चालकों को काफी सावधानी के साथ गुजरना पड़ता है और कई बार छोटे-मोटे हादसे भी हो चुके हैं। सबसे अधिक खराब हालत एमएलएन कॉलेज के पिछले गेट से लेकर वर्कशॉप रोड तक के हिस्से की है।
इस हिस्से में सड़क पूरी तरह टूट चुकी है और जगह-जगह बजरी बिखरी पड़ी है। सड़क संकरी होने और खराब हालत के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। कॉलेज के समय में छात्रों की आवाजाही बढ़ने से समस्या और भी बढ़ जाती है।
यह मार्ग शहर के प्रमुख बाजारों से भी जुड़ा हुआ है, जिसके कारण यहां पूरे दिन वाहनों की आवाजाही रहती है। सड़क खराब होने और जाम लगने पर कई बार लोग सवाल भी उठा चुके हैं।
लोगों ने कई बार प्रशासन से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की थी। यमुनानगर से भाजपा विधायक घनश्याम दास अरोड़ा का आवास भी इसी सड़क पर स्थित है। इसी मार्ग से होकर उनके कार्यालय तक भी पहुंचा जाता है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं। ऐसे में इस सड़क का ठीक होने से लोगों को राहत मिलेगी।