संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। घिलौर गांव में मुख्यमंत्री घोषणा के तहत 68.50 लाख रुपये की लागत से चार कनाल भूमि में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बनाया जाएगा। वहीं कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने इसका शिलान्यास किया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के बनने से ग्रामीणों को काफी लाभ मिलेगा।
उन्हें इलाज के लिए इधर-उधर भटकने की आवश्यकता नहीं होगी। मंत्री राणा ने कहा कि विकास कार्यों के लिए सरकार के पास धन की कोई कमी नहीं है। प्रदेश के हर व्यक्ति को स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें, इसके प्रति भी प्रदेश सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गांव घिलौर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनने से ग्रामीणों को उनके घर द्वार पर ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेगी।
कृषि मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि लघु स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्य के साथ-साथ अन्य विकास कार्यों में किसी प्रकार का विलंब नहीं होना चाहिए और जिस विकास कार्य की शुरूआत की जाए उसे समय से पहले पूरा करने का प्रयास करें।
कार्यक्रम में गांव के सरपंच सतीश कुमार ने गांव में होने वाले विकास कार्यों को करवाने की मांग रखी व ग्रामीणों ने अपनी-अपनी समस्याएं भी रखीं।
इस पर कृषि मंत्री ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी प्रत्येक मांग को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव में होने वाले विकास कार्य की जानकारी उन्हें दें ताकि समय रहते उस विकास कार्य को पूर्ण करवाया जा सकें। इस अवसर ी बीडीपीओ सिमरन भटनागर, पंचायती राज के एसडीओ जोगिंद्रर सिंह, पूर्व विधायक ईश्वर सिंह पलाका, रुपिंद्र सिंह, कृष्ण कांबोज आदि मौजूद रहे।