संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। किसानों के समर्थन में सामाजिक संगठनों ने सेक्शन-7 ए का विरोध किया। इसे लेकर मंगलवार को लोगों ने ज्ञापन देकर सेक्शन-7ए खारिज करने की मांग की। विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता इसके विरोध में ज्ञापन देने डीसी कार्यालय पहुंचे। परंतु डीसी की गैर मौजूदगी में सीटीएम पीयूष गुप्ता ने ज्ञापन लिया।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि गांव खेड़ा, कैल, रुल्लाखेडी, हरिपुर, भोले का माजरा, सुढल, सुढैल, मेहलावाली व करीब 50 गांव की जमीन पर सेक्शन-7ए वर्ष 2021 में लगाया गया था। इसका उद्देश्य टाउन प्लान 2021 को विस्तार करने के लिए इसका इस्तेमाल किया था। पंरतु अब तक न तो 2031 प्लान का नया नक्शा आया और न ही 2041 का आया, तो फिर यह सेक्शन क्यों लगाया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार 2031 व 2041 का प्लान जारी करे या सेक्शन खारिज करे। उन्होंने कहा कि 11 वर्षों से व्यवसायिक क्षेत्र के लिए सेक्टर-19 का प्लान अधूरा है, इसकी आड़ लेकर राजनैतिक दलों के नेता शहर के मॉडल टाउन में आवासीय प्लाट खरीदकर शोरूम व व्यवसायिक इमारतें बना रहे हैं। लोगों ने सेक्टर-19 का प्लान लागू करने की मांग की। इस दौरान चिराग सिंघल, किरपाल सिंह गिल, पंडित रमेश महेशी, अमरजीत सिंह कंग, गन्ना सोसायटी जगाधरी के पूर्व प्रधान जगबीर सिंह रुल्लाखेड़ी, रविंद्र सिंह काला, गुरमीत सिंह मौजूद रहे।