संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले में सोमवार को पांच वर्षीय बच्चा मलेरिया पॉजिटिव मिला है। हालांकि बच्चा उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। वह जगाधरी के सेक्टर-18 के नर्सिंग स्कूल में अपने परिवार के साथ रहता है। इस समय सब डिवीजन अस्पताल जगाधरी में उपचाराधीन है। नर्सिंग स्कूल से बच्चे के परिवार के अलावा शिक्षकों, विद्यार्थियों व नॉन टीचिंग स्टाफ के करीब 132 सैंपल लिए गए हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुशीला सैनी ने बताया कि बच्चा उत्तर प्रदेश जिला सीतापुर का रहने वाला है। उसका पिता कुक है, जो सेक्टर-18 के नर्सिंग स्कूल की मेस में काम करता है। यह पता चला है कि बच्चा कुछ दिन पहले अपने पिता के साथ उत्तर प्रदेश से लौटा था। ऐसे में यह कंफर्म नहीं है कि बच्चे को मलेरिया यूपी से काटा है या फिर यमुनानगर से।
क्योंकि केस जिले में कंफर्म हुआ है, इसे जिले में ही गिना जाएगा। भविष्य में मलेरिया के और केस न आएं इसके लिए भरसक प्रयास किए जा रहे हैं। मलेरिया को लेकर जिले के लोगों को जागरूक किया जा रहा है। डॉ. सुशीला सैनी ने बताया कि स्कूल में सैंपल लेने के अलावा फॉगिंग भी करवाई गई है।