यमुनानगर। पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान पीएनबी आरसेटी में मंगलवार को नशा मुक्त भारत विकसित भारत की पहचान विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
संस्थान निदेशक रवि प्रकाश गोयला ने कहा कि नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने प्रशिक्षुओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ परिवार और समाज में भी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि अतिरिक्त थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है।
विज्ञापन
उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर समाज को इस बुराई से मुक्त बनाने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। विशिष्ट अतिथि महिला थाना की एएसआई नीलम ने नशे के सामाजिक और पारिवारिक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जागरूकता और पारिवारिक सहयोग से ही इस समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
नेशनल एंटी करप्शन ब्यूरो के अध्यक्ष अमित ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अनुशासित जीवन अपनाने, नशे से दूर रहने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं और संस्थान के स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्त रहने तथा अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली।