संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में 26 जनवरी को जींद में प्रदेश स्तरीय ट्रैक्टर परेड का आयोजन किया जाएगा। इस परेड में जिले से भी सैकड़ों किसान अपने ट्रैक्टरों और अन्य वाहनों के साथ शामिल होंगे। वहीं पोटली गांव के रास्ते के लिए आर-पार की लड़ाई का एलान किया है।
जींद में होने वाली ट्रैक्टर परेड में मुख्य अतिथि के रूप में भाकियू के राष्ट्रीय महासचिव युद्धवीर सिंह सहरावत मौजूद रहेंगे। ट्रैक्टर परेड की तैयारियों और आगामी आंदोलन की रणनीति को लेकर सोमवार को व्यासपुर स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की जिला प्रवक्ता दलवीर कैल की देखरेख में हुई।
भाकियू जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने कहा कि 26 जनवरी को सभी किसान सुबह अपने वाहनों के साथ जींद के लिए रवाना होंगे और गणतंत्र दिवस को पूरी एकजुटता और धूमधाम से मनाया जाएगा। गुर्जर ने कहा कि 26 जनवरी के बाद अंबाला-शामली हाईवे पर पोटली गांव के रास्ते को लेकर अब आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।
जिला अध्यक्ष ने सरकार और प्रशासन पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि किसान अब तक सरकार की मीठी गोलियां खा चुके हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। सरकार की मंशा किसानों के प्रति ठीक नहीं है, इसलिए अब किसी भी तरह की बातचीत या बुलावे पर जाने का सवाल ही नहीं उठता। अब रास्ता हर हाल में खुलवाया जाएगा। चाहे कोई भी कुर्बानी देनी पड़े, किसान पीछे नहीं हटेंगे।
उन्होंने कहा कि 26 जनवरी के बाद पोटली गांव के रास्ते को लेकर आर-पार की निर्णायक जंग की तारीख घोषित की जाएगी। किसानों ने चेतावनी दी कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा, लेकिन अपने अधिकारों को लेकर वे किसी भी दबाव में नहीं आएंगे। बैठक में नरेश मोहड़ी, राहुल संधाय, महेंद्र चमरोड़ी, सुभाष हरतौल, निरंजन सिंह सुढैल, महेंद्र सुढैल, सरदार महा सिंह, सुखदेव सलेमपुर, जसविंद्र अजीजपुर, जसबीर सिंह मारवा, गुरनाम सिंह अजीतपुर, राजबीर अहड़वाला, बीर सिंह संधू, अमृत सलेमपुर सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।