यमुनानगर। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 को लेकर नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में प्रयास तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त नगर आयुक्त धीरज कुमार की अध्यक्षता में स्थानीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य स्वच्छता को केवल सरकारी अभियान न मानकर एक व्यापक जन-आंदोलन के रूप में स्थापित करना रहा।
बैठक में इस बात पर गहन चर्चा की गई कि सोशल मीडिया जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का उपयोग कर युवाओं और आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति कैसे प्रेरित किया जाए। इन्फ्लुएंसर्स से अपेक्षा जताई गई कि वे अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स के माध्यम से स्वच्छता संदेशों को अधिक प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाएं।
अतिरिक्त नगर आयुक्त धीरज कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने प्रकृति संरक्षण और बेहतर स्वास्थ्य के लिए स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत बनाने पर बल दिया। बैठक में उपस्थित इन्फ्लुएंसर्स और एनजीओ प्रतिनिधियों ने भी अभियान में सक्रिय सहयोग का भरोसा दिलाया।