संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। युवक पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाकर युवती ने डीसी ऑफिस पर धरना दिया तो पुलिस भी तुरंत हरकत में आ गई। पुलिस ने आरोपी युवक समेत तीन के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवती का मेडिकल कराया जा रहा है।
व्यासपुर क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर 13 साल से यौन शोषण करने के आरोप लगाए थे। युवती का कहना था कि वर्ष 2013 वह एक स्कूल में पढ़ती थी। जहां पर एक युवक से उसकी पहचान हो गई थी। युवक ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए। इसके बाद युवक लगातार उससे संबंध बनाता रहा। जब उसने शादी की बात कही तो युवक ने घर की मजबूरी बताकर 2024 में शादी करने की बात कही थी।
बाद में उसने शादी करने से इन्कार कर दिया था। युवती ने पुलिस से शिकायत की तो पुलिस ने भी कोई कार्रवाई नहीं की थी। युवती का आरोप है कि दलबीर नाम के युवक ने भी उसे धमकी दी थी। दलबीर ने कहा था उसकी पत्नी पुलिस विभाग में तैनात हैं।
बीते सोमवार को युवती पुलिस पर कार्रवाई न करने के आरोप लगाते हुए धरने पर बैठ गई थी। युवती का कहना था कि 11 फरवरी को उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। वह चार दिन तक भर्ती रही थी। एसएचओ थाना व्यासपुर जगदीश चंद्र ने बताया कि युवती की शिकायत पर आरोपी भूपेंद्र और उसके दो सहयोगियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।