संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। कार सवार दो युवकों ने जगाधरी-पांवटा हाईवे पर गांव शाहजहांपुर मोड़ के पास एक व्यापारी से हथियारों के दम पर कार और 20 लाख रुपये लूट लिए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों की तलाश की पर उनका पता नहीं चला। पुलिस ने व्यापारी के बयान के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
प्रतापनगर निवासी व्यापारी आशीष अग्रवाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी चुहड़पुर कलां में गणपति राइस मिल, अग्रवाल फिलिंग स्टेशन व प्रतापनगर में अग्रवाल ट्रेडर्स आढ़त की दुकान है। 23 अक्तूबर की देर रात करीब एक बजे वह गांव किशनपुरा निवासी ड्राइवर सन्नी के साथ 20 लाख रुपये लेकर निजी कार्य से पंजाब के जीरकपुर जा रहे थे। इस दौरान जगाधरी-पांवटा हाईवे पर गांव शाहजहांपुर मोड़ के पास स्थित महादेव ढाबा के सामने पीछे से तेज रफ्तार में आई एक काले रंग की कार ने उनकी कार को ओवरटेक कर उनका रास्ता रोक लिया। इसके बाद कार से उतरे दो नकाबपोश युवकों ने सरिया व लोहे की रॉड से उनकी (आशीष) कार का शीशा तोड़ दिया और पिस्तौल दिखाकर ड्राइवर व उन्हें कार से नीचे उतार दिया। इसके बाद दोनों युवक उनकी कार लेकर चले गए।
उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के क्षेत्र में आरोपियों की तलाश की तो गांव ऊर्जनी में निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के पास लूटी गई कार बरामद हो गई, पर युवकों का पता नहीं चल पाया। आशीष के अनुसार कार में 20 लाख रुपये नकदी से भरा बैग था, जो कार में नहीं मिला।
जांच अधिकारी सुभाष का कहना है कि शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर किया है। आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। जल्द आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।