यमुनानगर। राम नगर इलाके में रहने वाले एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक युवक के परिजनों के बयान पर फर्कपुर पुलिस ने कुंजल गांव के एक युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। रामनगर में रहने वाले राम स्वरूप रेलवे में सर्विस करते हैं। मंगलवार सुबह उनका 27 वर्षीय पुत्र पंकज अपने कमरे में फंदे पर लटका मिला। घरवालों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस के मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा गया। पंकज के कमरे से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने कुंजल के एक युवक पर उसे डराने-धमकाने की बात लिखी है। पुलिस ने परिजनों के बयान और सुसाइड नोट के आधार पर कुंजल के रहने वाले सन्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्जकर लिया है।
गवाही न देने के लिए डराता था सन्नी
मृतक पंकज के ममेरे भाई करनाल निवासी सुमित की 24 दिसंबर को संत निश्चल सिंह पब्लिक स्कूल के पास मौत हो चुकी है। उस समय पंकज भी सुमित के साथ था। पुलिस इस सड़क दुर्घटना का मामला मान रही है, जबकि पंकज के घरवाले इसे हत्या बता रहे हैं। पंकज के रिश्तेदार कृष्ण लाल ने बताया कि सुमित ने कुंजल निवासी सन्नी से करीब तीन लाख रुपये लेने थे। 24 दिसंबर को सन्नी ने सुमित को फोन कर विष्णु नगर में बुलाया। यहां सुमित, सन्नी और पंकज ने साथ बैठकर खाया-पिया। इस दौरान सुमित ने सन्नी से अपने पैसे वापस मांगे, जिसे लेकर उनमें झगड़ा हो गया। इसके बाद सुमित और पंकज जगाधरी में रहने वाली अपनी बहन के घर जाने के लिए मोटरसाइकिल पर वहां से निकल गए। सन्नी भी उनका पीछा करने लगा। चक्कर आने पर सुमित और पंकज ने संत निश्चल सिंह स्कूल के पास मोटरसाइकिल खड़ी कर दी। इस दौरान किसी ने उन पर हमला कर दिया। शहर थाना पुलिस ने उस दिन संत निश्चल सिंह पब्लिक स्कूल के सामने सड़क दुर्घटना का मामला दर्ज किया, जिसमें सुमित की मौत हो गई थी और पंकज गंभीर रूप से घायल था। पंकज को इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ ले जाया गया। जहां उसे करीब 10 दिन बाद होश आया। पंकज ने ही परिजनों को सन्नी द्वारा उनका पीछा किए जाने और उन पर हमला होने की बात बताई।
पुलिस ने नहीं लिया बयान
परिजनों का आरोप है कि पंकज के होश में आने के बाद पुलिस ने उसका बयान नहीं लिया और इसे सड़क दुर्घटना मानकर कार्रवाई की। परिजनों ने इसके खिलाफ हाईकोर्ट में केस दायर किया है। इस मामले में पंकज गवाह है। परिजनों का कहना है कि सन्नी पंकज को गवाही न देने के लिए डराता-धमकाता था। इससे तंग आकर पंकज ने आत्महत्या की है। पंकज के कमरे से मिले सुसाइड नोट में 24 दिसंबर को विष्णु नगर में सन्नी से हुए झगड़े और उसके बाद के घटनाक्रम का भी जिक्र है।
क्या कहते हैं एसएचओ
थाना फर्कपुर एसएचओ रमेशंचद ने बताया कि पंकज के परिजनों और सुसाइड नोट के आधार पर सन्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया गया है। गत 24 दिसंबर को हुई सड़क दुर्घटना का मामला शहर थाने में दर्ज किया गया है। परिजनों की ओर से मामले में लगाए जा रहे आरोपों की भी जांच की जाएगी।