बिलासपुर। कुकर्म में असफल रहने पर एक बाबा ने एक युवक को गोली मार दी। पीजीआई चंडीगढ़ में उपचाराधीन घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने घायल युवक के बयान पर बाबा के खिलाफ कुकर्म की कोशिश, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराआें में मामला दर्ज कर लिया है।
कपाल मोचन स्थित एकता सहायता समिति के कार्यालय में एक युवक काम करता है। बुधवार रात हरिद्वार निवासी बाबा भरत पुरी अपनी कार में कार्यालय में आया। यह बाबा यहां अक्सर वहां आता-जाता था। रात को बाबा युवक के कमरे में आया और उसने युवक को कहा कि वह भी इसी कमरे में सोएगा। युवक ने बाबा का बिस्तर लगा दिया। बाबा ने उस युवक को साथ सोने को कहा। युवक के मना करने पर बाबा उसके साथ जबरदस्ती करने पर उतारू हो गया। इसी बीच बाबा ने देसी कट्टा निकाल कर युवक पर फायर कर दिया।
पेट के आरपार हो गई गोली
कट्टे से निकली गोली युवक के पेट के आर-पार हो गई। गोली की आवाज सुनकर साथ के कमरे में सोया युवक का साथी वहां आ गया। जब वह कमरे में आया तो युवक जमीन पर लहूलुहान अवस्था में पड़ा था। घायल युवक का साथी समिति के अध्यक्ष को फोन करने के लिए भागा। इसी बीच बाबा मौका पाकर वहां से रफूचक्कर हो गया। वीरवार सुबह सीन ऑफ क्राइम की टीम ने वहां आकर जांच-पड़ताल की। बिलासपुर पुलिस ने पीजीआई पहुंचकर घायल युवक का बयान दर्ज किया।
आरोपी जल्द होगा काबू
एएसआई दिलबाग सिंह ने बताया कि बाबा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही बाबा को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।