संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। हरियाणा बोर्ड से संबंधी सभी राजकीय व निजी विद्यालयों में दसवीं व 12वीं से पहले नौवीं व 11वीं की वार्षिक परीक्षाएं होंगी। इसके लिए बोर्ड ने डेटशीट जारी कर दी है। शेड्यूल के अनुसार नौवीं की 17 फरवरी और 11वीं की परीक्षा 16 फरवरी से शुरू होगी। नौवीं की परीक्षा छह मार्च और 11वीं के पेपर 13 मार्च तक चलेगी।
दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह के सत्र में होंगी। परीक्षा का समय सुबह 8:30 से 11:30 तक रहेगा। परीक्षा को लेकर शिक्षा निदेशालय ने जिला विभाग को आदेश व निर्देश जारी किए हैं। निदेशालय के आदेशों पर विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए जिलास्तर पर अधिकारियों की टीम बनाई गई है।
सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने क्षेत्र के स्कूलों का निरीक्षण कर व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। इस बार जिले से दोनों कक्षाओं के 35,379 विद्यार्थी परीक्षा दे रहे हैं। जिले से नौवीं के 19,891 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इसमें राजकीय विद्यालयों से कुल 8,787 और निजी के 11,104 शामिल हैं। वहीं, 11वीं के कुल 15,488 विद्यार्थी परीक्षा दे रहे हैं। इसमें राजकीय के 7,507 और निजी विद्यालय के 7981 विद्यार्थी हैं।
नौवीं कक्षा की डेटशीट
17 फरवरी को पहला पेपर हिंदी का होगा। इसके बाद 19 फरवरी को सामाजिक विज्ञान की परीक्षा ली जाएगी। 21 फरवरी को अंग्रेजी और 23 फरवरी को गणित विषय की परीक्षा होगी। इसके बाद 25 फरवरी को विज्ञान विषय की परीक्षा ली जानी है। 27 फरवरी को ड्राइंग, कृषि, गृह विज्ञान, कंप्यूटर साइंस, फिजिकल एंड हेल्थ, संगीत, डांस इत्यादि अन्य वैकल्पिक विषयों की परीक्षा होगी। दो मार्च को पंजाबी, संस्कृत, उर्दू का पेपर होगा। पांच मार्च को संस्कृत साहित्य और छह मार्च को संस्कृत व्याकरण की परीक्षा होगी।
11वीं कक्षा की डेटशीट
16 फरवरी को अंग्रेजी कोर और अंग्रेजी इलेक्टिव की परीक्षा होगी। 17 फरवरी को फाइन आर्ट (कला) विषय की परीक्षा है। 18 फरवरी को हिंदी कोर और हिंदी इलेक्टिव विषय की परीक्षा ली जानी है। 19 फरवरी को गृहविज्ञान की परीक्षा होगी। इसी तरह 20 फरवरी को कृषि और मनोविज्ञान की परीक्षा है। 21 फरवरी को भूगोल शास्त्र का पेपर होगा। 23 फरवरी को फिजिक्स और इकोनॉमिक्स का पेपर होगा। वहीं, 24 फरवरी को शारीरिक शिक्षा, 25 फरवरी को लोक प्रशासन, अकाउंटेंसी, कैमिस्ट्री की परीक्षा होगी। 25 फरवरी को पंजाबी, संस्कृत व उर्दू की परीक्षा ली जाएगी। 27 फरवरी को इतिहास, बिजनेस स्टडीज और बॉयोलॉजी का पेपर होगा। 28 फरवरी को राजनीतिक विज्ञान की परीक्षा होनी है। दो मार्च को गणित की परीक्षा ली जाएगी। पांच मार्च को रिटेल, ऑटोमोटिव, आई, हेल्थकेयर, प्राइवेट सिक्योरिटी इत्यादि वैकल्पिक विषयों की परीक्षा होगी। छह मार्च को समाज शास्त्र, इंटरप्रेन्योर (उद्यमशीलता) और बॉयो टेक्नोलॉजी का पेपर है। सात मार्च को संगीत हिंदुस्तानी वोकल और वाद्ययंत्र की परीक्षा होगी। नौ मार्च को कंप्यूटर साइंस की परीक्षा होगी। वहीं, दस मार्च को दर्शन शास्त्र और डांस की परीक्षा होगी। 11 मार्च को सैन्य विज्ञान का पेपर होना है। 12 मार्च को संस्कृत व्याकरण की और 13 मार्च को संस्कृत साहित्य वेद सिद्धांत की परीक्षा होगी।
स्कूलों को परीक्षा सामग्री भी भेजी जारी है। परीक्षा कीर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है और विद्यालयों का निरीक्षण किया जा रहा है। - केएस संधावा, उप जिला शिक्षा अधिकारी।