संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली। राजकीय महाविद्यालय में सड़क सुरक्षा समिति की ओर से सड़क सुरक्षा विषय पर जिलास्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता करवाई गई। इस दूसरे चरण की प्रश्नोत्तरी में जिले के विभिन्न कॉलेजों की टीमों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता सुबह 11 से दोपहर से 12 बजे तक करवाई गई। इस दौरान 22 प्रतिभागियों में से नौ विद्यार्थियों का चयन अगले चरण के लिए किया गया है। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. सुनील तनेजा व संयोजिका प्रो. ममता वर्मा के नेतृत्व में करवाई गई।
इस दौरान राजकीय कॉलेज छछरौली, डीएवी कॉलेज सढौरा और गुर्जर कन्या गुरुकुल महाविद्यालय देवधर से एक-एक विद्यार्थी, डीएवी गर्ल्स कॉलेज यमुनानगर, गुरु नानक खालसा कॉलेज और महाराजा अग्रसेन कॉलेज जगाधरी से दो-दो विद्यार्थियों का चयन हुआ। यह प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता डॉ. दिनेश प्रकाश की देखरेख में हुई। वहीं, राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से एक प्रश्नोत्तरी करवाई गई। प्रतियोगिता राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. सतबीर सिंह के नेतृत्व और प्रो. सुखविंद्र कौर की देखरेख में हुई। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में बहुविकल्पीय प्रश्न तथा दूसरे चरण लघु उत्तरीय प्रश्न शामिल थे। इसमें 15 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिन्हें पांच टीमों में विभाजित किया गया। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।