साढौरा। भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम से रुपये निकलवाने आई महिला का डेबिट कार्ड बदलकर अज्ञात युवक ने उसके खाते से 85 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साढौरा निवासी बाला देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भारतीय स्टेट बैंक साढ़ौरा शाखा में खाता है। जिसमे उसने एटीएम की सुविधा ली हुई है। उसके खाते में उसके पति की पेंशन आती है। जिससे वह घरेलू खर्च व अपनी दवाइयों का खर्च करती है। 29 अप्रैल को उसने अपनी पुत्रवधू नीरू बाला को डेबिट कार्ड देकर घरेलू जरूरत के लिए पांच हजार रुपये निकलवाने भेजा था। जब उसकी पुत्रवधू साढौरा स्थित एटीएम से रुपये निकलवाने लगी तो उसके पीछे खड़े अज्ञात युवक ने मदद के बहाने डेबिट कार्ड ले लिया। आरोपी ने उसके डेबिट कार्ड से पांच हजार रुपये निकालकर उसकी पुत्रवधू को दे दिए। आरोप है कि इस दौरान आरोपी युवक ने उससे डेबिट कार्ड बदल लिया। शाम को जब उसका बेटा घर आया तो उसके मोबाइल पर पांच हजार रुपये से अलग 85 हजार रुपये निकलने का संदेश आया हुआ था। जब उसने पुत्रवधू से इस बारे पूछा तो उसने पूरी घटना बताई। आरोप है कि अज्ञात युवक ने मदद करने के बाद डेबिट कार्ड बदलकर उसके खाते से 85 हजार रुपये निकाले है। पुलिस ने अज्ञात युवक पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।