यमुनानगर। मॉडल टाउन स्थित जैक फिटनेस जिम के बाहर फाइनेंसर हरभजन सिंह की हत्या के बाद पूर्व विधायक दिलबाग सिंह ने अन्य करीबियों को भी धमकी मिलने का दावा किया है। अब पूर्व विधायक दिलबाग सिंह ने दावा किया है कि उनके करीब 80 परिचितों को गैंगस्टरों की ओर से धमकियां मिल चुकी हैं।
उन्होंने वीरवार को पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल से मुलाकात कर सुरक्षा की मांग की। अब तक पांच लोगों को सुरक्षा मुहैया कराई गई है। तीन सितंबर को 65 वर्षीय हरभजन सिंह की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। दिलबाग सिंह ने कहा कि उनके कई भाजपा और कांग्रेस से जुड़े साथियों को भी धमकियां मिली हैं। उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि धमकियों के कारण करीबियों में भय का माहौल है और समय रहते कार्रवाई जरूरी है।
एसपी कमलदीप गोयल ने बताया कि दिलबाग सिंह को हत्याकांड की जांच में हुई प्रगति की जानकारी दी गई है। मामले में अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन से लेकर स्थानीय स्तर तक सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि हत्याकांड के बाद कुछ लोगों को धमकियां मिलने की सूचना मिली है। पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के तहत उनकी थ्रेट असेसमेंट की जा रही है।
एसपी से मिलने पहुंचे पूर्व विधायक दिलबाग सिंह व समर्थक। संवाद