यमुनानगर। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ने गांव गोलनपुर बस अड्डे के पास दबिश देकर अवैध रूप से गैस सिलिंडर ले जा रहे एक गाड़ी चालक को पकड़ा है। जांच करने पर गाड़ी से 78 खाली गैस सिलिंडर बरामद किए गए। ये खाली गैस सिलिंडर शिव भोले नाथ मुगलवाला गैस एजेंसी के है। इन गैस सिलिंडरों को अवैध रूप से भरवाने के बाद ब्लैक में बेचने के लिए लाया जा रहा था। छप्पर थाना पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि देर शाम मुख्यमंत्री उड़नदस्ता को सूचना मिली थी कि छप्पर थाना क्षेत्र के गोलनपुर बस अड्डे के पास अवैध रूप से गाड़ी में खाली गैस सिलिंडर रखे हुए हैं। सूचना मिलते ही वे मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम में तैनात उप निरीक्षक सुखविंद्र सिंह ने उप निरीक्षक बलवंत सिंह व सुखविंद्र सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। उन्हें वहां पर उन्हें सिलिंडरों से भरी बोलेरो गाड़ी खड़ी मिली। जांच करने पर गाड़ी से 78 खाली गैस सिलिंडर बरामद हुए। जब टीम ने गाड़ी चालक से खाली गैस सिलिंडरों के दस्तावेज मांगे तो वह कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा पाया। चालक की पहचान बिलासपुर क्षेत्र के मुगलावाली गांव निवासी शुभम के रूप में हुई है।
शिव भोले नाथ मुगलवाली गैस एजेंसी का मालिक शुभम ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह गैस सिलिंडरों को रादौर स्थित गैस एजेंसी पर बदलवाने के लिए लेकर आया है। इस पर उन्होंने रादौर स्थित प्रेम गैस एजेंसी में फोन पर संपर्क किया। एजेंसी मालिक ने बताया कि उसके यहां कोई भी गैस सिलेंडर नहीं बदला जाना है। यह अवैध रूप से यह कार्य कर रहा है। जिस पर गाड़ी चालक कोई जवाब नहीं दे पाया। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि इन गैस सिलिंडरों को अवैध रूप से भरवाने के बाद ब्लैक में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। टीम ने मामले की सूचना पुलिस को दी। छप्पर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामले में आरोपी एजेंसी मालिक शुभम पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।